मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरसौल में 28 नवंबर को 85 जोड़ों का होगा विवाह
*जनपद में छह स्थलों पर 512 जोड़ों के सामूहिक विवाह का कार्यक्रम निर्धारित
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर। जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र कुमार गौतम ने अवगत कराया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले जरूरतमंद एवं निर्धन परिवारों की विवाह योग्य कन्याओं, विधवा, परित्यक्ता एवं तलाकशुदा महिलाओं के विवाह हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का प्रावधान है। योजना के माध्यम से सामूहिक विवाह सम्पन्न कराकर लाभार्थियों को उनकी सामाजिक एवं धार्मिक मान्यताओं तथा परम्पराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह की व्यवस्था उपलब्ध कराई जाती है। इसका उद्देश्य समाज में सर्वधर्म समभाव एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के अनुमोदन के क्रम में जनपद कानपुर नगर में विकास खण्डों एवं नगर निकायों के चयनित लगभग 512 जोड़ों का सामूहिक विवाह छह चयनित स्थलों पर आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। इसी क्रम में विकास खण्ड सरसौल के चयनित लगभग 85 जोड़ों का सामूहिक विवाह दिनांक 28 नवंबर 2026 को प्रातः 10:00 बजे विकास खण्ड सरसौल परिसर, कानपुर नगर में आयोजित किया जाएगा।
योजनान्तर्गत प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के खाते में, 21 हजार रुपये गृहस्थी की स्थापना हेतु उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये विवाह कार्यक्रम के आयोजन पर प्रति जोड़ा व्यय किए जाते हैं।
कानपुर नगर में सामूहिक विवाह कार्यक्रम के लिए चयनित स्थलों, तिथियों एवं संबंधित विकास खण्डों/नगर निकायों का विवरण इस प्रकार है। विकास खण्ड सरसौल परिसर में 28 नवंबर 2026 को सरसौल के 85 जोड़ों का सामूहिक विवाह आयोजित किया जाएगा। नगर निगम कानपुर नगर के 85 जोड़ों का सामूहिक विवाह 04 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है, जिसके आयोजन स्थल का निर्धारण बाद में किया जाएगा।
कल्याणपुर के 20, विधनू के 34 तथा पतारा के 48 जोड़ों का सामूहिक विवाह 08 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। घाटमपुर के 38, भीतरगांव के 44 तथा सरसौल के 42 जोड़ों का सामूहिक विवाह 11 दिसंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा। बिल्हौर के 30, शिवराजपुर के 14, ककवन के 22 तथा चौबेपुर के 12 जोड़ों का सामूहिक विवाह 13 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है। उक्त सभी कार्यक्रमों के आयोजन स्थल का निर्धारण बाद में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी के लिए जिला समाज कल्याण अधिकारी, कानपुर नगर के कार्यालय, प्रथम तल, विकास भवन, कानपुर नगर में किसी भी कार्यदिवस में सम्पर्क किया जा सकता है।