सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने पर जोर, जिलाधिकारी ने दिए निर्देश
*कोहरे के दृष्टिगत सड़क किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध चलेगा विशेष अभियान, रिफ्लेक्टर लगाने एवं जनजागरूकता पर रहेगा विशेष ध्यान
*झकरकटी बस अड्डे के बाहर सवारी भरने पर डीएम ने जताई नाराजगी, रिंग रोड निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने तथा सड़क सुरक्षा से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ठंड एवं कोहरे के दृष्टिगत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एनएचएआई को परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर सड़क किनारे खड़े वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोहरे के दौरान कम दृश्यता के कारण सड़क किनारे खड़े वाहन दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं। इसके दृष्टिगत वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने की कार्रवाई में तेजी लाने के साथ ही वाहन चालकों को सुरक्षित वाहन संचालन एवं पार्किंग के संबंध में जागरूक किया जाए। रोड सेफ्टी क्लबों के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा संबंधी जनजागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए।
शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिलाधिकारी ने पुलिस एवं परिवहन विभाग को आपसी समन्वय से ई-रिक्शा संचालन के प्रभावी प्रबंधन की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा का व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर यातायात जाम की समस्या से आमजन को राहत मिल सके।
बैठक में पूर्व में दिए गए सड़क दुर्घटनाओं के ऑडिट संबंधी निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। विशेष रूप से उन दुर्घटना स्थलों का निरीक्षण कराया गया है, जहां 3 या उससे अधिक व्यक्तियों की मृत्यु हुई है। संबंधित विभागों द्वारा स्थलीय निरीक्षण कर दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाया गया तथा चिह्नित कमियों को दूर करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई है।
जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज महेश कुमार को निर्देश दिए कि किसी भी दशा में झकरकटी बस अड्डे के बाहर बसें खड़ी कर यात्रियों को न बैठाया जाए। सभी बसें बस अड्डे के अंदर जाएं और वहीं से यात्रियों को बैठाकर प्रस्थान करें। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए जनपद स्तरीय अधिकारियों के माध्यम से औचक जांच भी कराई जाएगी।
बैठक में अवगत कराया गया कि जीटी रोड पर किलोमीटर 414 से 432 के मध्य कुल 905 अतिक्रमण चिह्नित किए गए हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर चिह्नित अतिक्रमणों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने रिंग रोड निर्माण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य युद्धस्तर पर कराने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजना के निर्माण में आ रही विभागीय बाधाओं को आपसी समन्वय से दूर करने तथा समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर स्थलीय निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज महेश कुमार, परियोजना निदेशक एनएचएआई पंकज यादव सहित लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे