विशेष मतदाता अभियान के तहत जिला निर्वाचन अधिकारी ने सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल स्थित बूथों का किया निरीक्षण
-सुपरवाइजर एवं सभी 6 बीएलओ रहे उपस्थित, पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने पर विशेष जोर
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर, 28 नवंबर 2026। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी श्री महेंद्र सिंह तंवर ने आज विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के अंतर्गत कैंट विधानसभा क्षेत्र के सेंट मैरी कॉन्वेंट स्कूल में बनाए गए मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित सुपरवाइजर एवं सभी 6 बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) उपस्थित रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बूथों पर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, बीएलओ की उपस्थिति तथा मतदाताओं की सुविधा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उपस्थित बीएलओ को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर सर्वेक्षण करें तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे सभी पात्र नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं महिलाओं के नाम प्राथमिकता के आधार पर जोड़ना सुनिश्चित करें।
विशेष अभियान दिवस के अंतर्गत जनपद के सभी 10 विधानसभा क्षेत्रों के 3,736 बूथों पर बीएलओ उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम विलोपन एवं विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन प्राप्त कर रहे हैं।
इसके अतिरिक्त उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (EROs) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AEROs) द्वारा भी विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष अभियान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान सभी बूथों पर निर्धारित व्यवस्थाएं सुनिश्चित रहें तथा प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने का अवसर मिले। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने संबंधित बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना एवं परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें तथा पात्र व्यक्तियों का नाम जुड़वाने में सहयोग करें।