प्रमिला ने दूसरी बार महापौर पद की शपथ ली।
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। मोतीझील लान में बीजेपी की नव निर्वाचित महापौर प्रमिला पांडेय समेत 110 पार्षदों को मंडलायुक्त डॉ. राजशेखर ने शपथ दिलाई। प्रमिला पांडेय पहली महापौर हैं, जिन्होंने लगातार दूसरी बार शपथ ली। प्रमिला ने शहर की 18वीं महापौर के तौर पर शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना और विशिष्ट अतिथि उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक मंच पर रहे। इसके पहले महापौर को गाउन पहनाया गया। इसके बाद नगर आयुक्त शिव शरणप्पा जीएन ने गदा प्रदान की।
कानपुर में रिकॉर्ड जीत के साथ प्रमिला पांडेय नगर निगम के इतिहास में पहली ऐसी महापौर बन गईं, जो लगातार दूसरी बार इस पद पर विजयी हुईं। इतना ही नहीं इन्होंने 2017 में अपने जीत के अंतर को भी बढ़ाया है। पिछली बार कांग्रेस प्रत्याशी को उन्होंने एक लाख से अधिक वोट से हराया था। इस बार उन्होंने सपा को पौने दो लाख से अधिक वोटों से शिकस्त दी है। नगर निगम बनने के बाद पहले महापौर का चुनाव 1995 में हुआ था। उस समय भाजपा प्रत्याशी सरला सिंह ने ऊषा रत्नाकर शुक्ला को हराकर पहली मेयर के रूप में शपथ ली थी। तब से लेकर अभी तक भारतीय जनता पार्टी पांच बार महापौर पद पर जीत हासिल कर चुकी है। सिर्फ एक बार वर्ष 2000 में कांग्रेस के अनिल शर्मा को जीत मिली थी।इस मौके पर महापौर ने कहा कि आपने नारा लगाया था कि दिल से अम्मा फिर से। एक बार फिर से नारा लगाओ। इसके बाद कहा कि एक और नारा इसके साथ समारोह में गूंजा जिसके साथ जमाना है उसके साथ महाना है।पार्षदों से कहा अब स्वागत हो गया, माला भी पहन ली है। अब शहर को कल से स्वच्छ करने में जुट जाएं। महापौर ने कहा कि काम किया है काम करुंगी झूठे वादे नहीं करेगी।
|