क्षेत्रीय कार्यालय में मातृशक्ति बैठक में एक राष्ट्र, एक चुनाव पर हुई चर्चा
U- महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रभावी रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा:रंजना
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। कानपुर बुंदेलखंड कार्यालय में एक राष्ट्र, एक चुनाव के संदर्भ में प्रबुद्ध वर्ग की मातृशक्ति की विशेष बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा, एक राष्ट्र, एक चुनाव लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। यह देश की संसदीय व विधानसभा चुनाव प्रणाली में सुधार लाने के साथ-साथ विकास की गति को भी तेज करेगा।
इस अवसर पर वुमेन फॉर वन नेशन वन इलेक्शन की प्रदेश प्रभारी रंजना उपाध्याय ने कहा कि एक साथ चुनाव होने से देश के संसाधनों की बचत होगी। महिलाओं को राजनीति में अधिक प्रभावी रूप से भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने मातृशक्ति से इस अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने का आग्रह किया। बैठक में सभी वक्ताओं ने "एक राष्ट्र, एक चुनाव" की आवश्यकता और उसके लाभों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था देश को चुनावी अस्थिरता से बचाएगी। जनता की भलाई के लिए चलाई जाने वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करेगी। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष निवेदिता श्रीवास्तव भाजपा क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी रीता शास्त्री जयंती वर्मा पुष्पा तिवारी मोना शुक्ला दक्षिण जिला अध्यक्ष अनीता त्रिपाठी सहित कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं।