नगर निगम इंस्पेक्टर बन गृहकर के नाम पर 45 हजार ठगे, महिला ने नगर आयुक्त से की शिकायत
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।चकेरी क्षेत्र की महिला से राजस्व निरीक्षक बन गृहकर जमा कराने के नाम पर 45 हजार की ठगी करने का मामला सामने आया है। उन्होंने नगर आयुक्त से शिकायत कर ठगी में नगर निगम के दो कर्मचारियों के शामिल होने का आरोप लगाया है। नगर आयुक्त ने मामले की जांच जोन-दो के जोनल अधिकारी को सौंपी है।
सफीपुर प्रथम निवासी दिवंगत छोटेलाल की पत्नी कृष्णा देवी के अनुसार पिछले साल उनके मकान का 55 हजार रुपये गृहकर बकाया था। इस बीच राजेश नाम के युवक ने खुद को नगर निगम कर्मी बताकर उनसे संपर्क किया। उसने मोबाइल पर देखकर उनके मकान का गृहकर 55 हजार रुपये बकाया होने की जानकारी दी। युवक ने कहा कि अगर गृहकर जमा नहीं किया गया तो आरसी कट जाएगी। नगर निगम इंस्पेक्टर उसका (राजेश का) परिचित है। वह बिल कम करवाकर जमा करा देगा। कृष्णा देवी के मुताबिक एक दिन राजेश उनके घर सोनू चक्रवर्ती नाम के व्यक्ति को लेकर आया। उसको इंस्पेक्टर बताकर 45 हजार रुपये देने के लिए कहे। उसने बताया गया कि सोनू चक्रवर्ती बिल जमा कराकर 10 से 15 दिन में रसीद दे देगा। करीब एक महीना बीत जाने के बाद भी उन्हें रसीद नहीं मिली, जिस पर नगर निगम में जाकर पता कराया। महिला ने आरोप लगाया कि सोनू चक्रवर्ती नगर निगम कर्मी है, लेकिन टैक्स इंस्पेक्टर नहीं है। उन्होंने टैक्स इंस्पेक्टर विजय सोनकर को मामले की जानकारी दी तो उन्होंने जांच कराने का आश्वासन दिया। उधर नगर निगम जोन- 2 के जोनल अधिकारी अनिरुद्ध सिंह का कहना है इस मामले की जांच की जा रही है। रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।