बुजुर्ग महिला की लूट के बाद हत्या का मामला, तीन आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, ये सामान हुआ बरामद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। रामबाग में हुई बुजुर्ग महिला प्रेमलता मिश्रा की लूट के बाद हत्या मोहल्ले के नितिन त्रिपाठी ने चमनगंज के सारिक और शुक्लागंज के शाहनवाज के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने शनिवार तड़के दादानगर ढाल के पास मुठभेड़ में तीनों को गिरफ्तार कर लिया है। गोली शाहनवाज के पैर लगी है।
आरोपियों के पास से तमंचा, कारतूस, नकदी और कुछ जेवरात मिले हैं। हरसहाय जगदंबा इंटर कॉलेज के केमिस्ट्री के विभागाध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्रा की पत्नी प्रेमलता मिश्रा (71) की हत्या कर उनके घर से करीब डेढ़ से दो लाख की नकदी और आठ से दस तोले सोना लूट लिया गया था। पुलिस और फॉरेंसिक ने घटना की जांच की] तो उसमें चौंकाने वाली जानकारी मिली। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह के मुताबिक घटना की साजिश मोहल्ले के नितिन त्रिपाठी ने रची थी। उसने सारिक और शाहनवाज के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। बुजुर्ग दंपति के घर में शाहनवाज पहले घुसा था। पीछे से नितिन भी आ गया था। दोनों ने बुजुर्ग महिला की हत्या की और माल लेकर शाहनवाज फरार हो गया। उसके भगाने का घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गया। सारिक बाहर से निगरानी कर रहा था। सबकी आपस में वाट्सएप कॉल से बातचीत हो रही थी। पुलिस ने नितिन और सारिक की पहले ही जानकारी जुटा ली थी। शनिवार की सुबह तीनों भागने की फिराक में थे। इससे पहले पुलिस ने तीनों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। सारिक और शाहनवाज कुछ दिन पहले बुजुर्ग दंपती के घर कुछ काम करने आए थे।