किसानों को दिखाया गया समेकित जीवनाशी प्रबंधन का प्रसारण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर I सीएसए के अधीन संचालित कृषि विज्ञान केंद्र दिलीप नगर पर कृषि चौपाल के आठवें एपिसोड "समेकित जीवनाशी प्रबंधन" का प्रसारण किसानों को दिखाया गया। केंद्र के प्रभारी डॉक्टर अजय कुमार सिंह ने बताया कि कृषि शिक्षा के सशक्तिकरण को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से कृषि चौपाल के आठवें एपिसोड का प्रसारण कृषि विज्ञान केन्द्र दलीपनगर पर हुआ। इस प्रकार के कार्यक्रम प्रत्येक माह डीडी किसान चैनेल तथा ऑल इंडिया रेडियो के माध्यम से प्रसारित होते हैं। इसमें तकनीकी जानकारी विशेषज्ञों के माध्यम से दी जाती है। राष्ट्र स्तरीय इलेक्ट्रानिक मीडिया के माध्यम से प्रसारित इस कृषक चौपाल कार्यक्रम के तहत किसानों के बीच उन्नत कृषि तकनीकियों के प्रति जागरूक करना हैं। साथ ही आगंतुक किसानों को जलवायु अनुकूल कृषि के बारे में जानकारी देनी है। इस दौरान डॉ राजेश राय ने खरीफ फसलों के लिए उन्नत प्रजातियों के चयन एवं इसके लाभ के बारे में बताया। साथ ही संतुलित खाद उर्वरक प्रयोग एवं सिंचाई की विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। कृषि वैज्ञानिक डॉक्टर खलील खान ने फसल विविधिकरण तथा खरीफ फसलों मे खरपतवार,रोग व कीट-व्याधि प्रबंधन की समुचित जानकारी दी। इस अवसर पर वैज्ञानिक डॉ शशिकांत, डॉ अरुण कुमार सिंह, डॉ निमिषा अवस्थी एवं उपेंद्र सिंह उपस्थित रहे। साथ ही कार्यक्रम में सहतावनपूर्वा के कृषक छुन्ना सिंह,सरोज तिवारी, रोहित कुमार, प्रीती, मीरा देवी तथा औरंगाबाद, पाण्डेय निवादा आदि गांव के 55 महिला एवं पुरुष किसान शामिल थे। कार्यक्रम को सफल बनाने में शुभम् यादव, गौरव शुक्ला एवं श्री भगवान पाल का विशेष योगदान रहा।
|