भाजपा कार्यालय घेरने जा रहे कांग्रेसी गिरफ्तार, कुछ नेताओं को नजरबंद किया गया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। नेशनल हेराल्ड मामले और मनरेगा का नाम बदलने के मामले में भाजपा जिला कार्यालय घेरने के लिए गुरुवार को तिलक हाल से सैकड़ों कांग्रेसियों पैदल निकले। नारेबाजी करते हुए जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने अस्पताल रोड पर बेरिकेटिंग लाकर रोका। रोके जाने के बाद कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नारेबाजी कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस गिरफ्तार कर पुलिस लाइन ले गई। जहां से कुछ देर बाद निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया।
कांग्रेस नगर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बताया कि कांग्रेसी नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी की चार्जशीट दिल्ली का स्थानीय अदालत द्वारा स्वीकार न किए जाने के बाद नवीन मार्केट स्थित भाजपा जिला कार्यालय का घेराव करने जा रहे थे। हम यह बताना चाहते थे कि राहुल गांधी व सोनिया गांधी पर लगे आरोप निराधार है। इसी बीच हम संवैधानिक तरीके से जा रहे तभी परेड अस्पताल रोड पर हमको रोका गया। पुलिस ने हमको भाजपा जिला कार्यालय जाने से रोका। पुलिस द्वारा रोके जाने के बाद कांग्रेसियों ने जमकर नारेबाजी की। पुलिस द्वारा कांग्रेसियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस लाइन ले जाया गया। जहां कांग्रेसियों ने रघुपति राघव राजा राम (राम-धुन) गाई। कुछ समय पुलिस लाइन में रखे जाने के बाद कांग्रेसियों को निजी मुचलके पर छोड़ दिया गया। बताते चलें कि बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय घेरने जा रहे लखनऊ जा रहे कांग्रेसियों को जाजमऊ चौराहे के पास पुलिस ने हिरासत में लिया था। प्रदर्शन की सूचना पर गुरुवार को कांग्रेसियों को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। कांग्रेस नेता व एआईसीसी सदस्य विकास अवस्थी के बर्रा 2 आवास पर पुलिस ने देर रात ही पहुंचकर नजरबंद कर दिया। इस मौके पर कांग्रेस नेता जेपी पाल, प्रभाकर पाण्डे, सोनू मारवाह और अनुराग पाल आदि रहे।