यूपीयूएमएस में अत्याधुनिक बैडमिंटन कोर्ट सहित नवीनीकृत जिम्नेज़ियम का उद्घाटन
#विश्वविद्यालय में खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाना हमारी प्राथमिकता -कुलपति
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई/इटावा। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस), सैफई में माननीय कुलपति प्रोफेसर डॉ अजय सिंह द्वारा विश्वविद्यालय परिसर में नवीनीकृत जिम्नेज़ियम का उद्घाटन किया गया। इस जिम्नेज़ियम में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित बैडमिंटन कोर्ट का निर्माण किया गया है, जो विश्वविद्यालय में खेल एवं स्वास्थ्य संबंधी अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
नवनिर्मित बैडमिंटन कोर्ट उच्च गुणवत्ता वाली पीवीसी मैटिंग से युक्त है, जो खिलाड़ियों की सुरक्षा एवं प्रदर्शन को बेहतर बनाने के लिए विशेष रूप से डिजाइन की गई है। यह आधुनिक फ्लोरिंग घुटनों एवं टखनों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम करती है, फिसलन-रहित सतह प्रदान करती है तथा तेज गति से खेलने के दौरान बेहतर ग्रिप सुनिश्चित करती है। यह सुविधा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप है, जिससे सुरक्षित एवं चोट-रहित खेल को बढ़ावा मिलेगा।
जिम्नेज़ियम परिसर में बैडमिंटन कोर्ट के अतिरिक्त टेबल टेनिस, शतरंज तथा फूसबॉल जैसी मनोरंजक एवं फिटनेस गतिविधियों की भी व्यवस्था की गई है। इन सुविधाओं का उद्देश्य छात्रों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शारीरिक सक्रियता, मानसिक ताजगी एवं स्वस्थ मनोरंजन के अवसर प्रदान करना है।
उद्घाटन अवसर पर संबोधित करते हुए माननीय कुलपति महोदय ने कहा कि शारीरिक फिटनेस, खेल भावना एवं स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसी खेल सुविधाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, तनाव प्रबंधन तथा समग्र स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
प्रभारी इनडोर स्पोर्ट्स कंपलेक्स डॉ सुशील कुमार शुक्ला ने कहा कि यह पहल यूपीयूएमएस की स्वास्थ्य, फिटनेस एवं कल्याण को प्रोत्साहित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है तथा विश्वविद्यालय समुदाय के लिए संतुलित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण के निर्माण की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।