जापानी प्रतिनिधिमंडल ने किया सीएसए के शाकभाजी अनुभाग का भ्रमण
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | उत्तर प्रदेश सरकार एवं जापान के मध्य हुए समझौता ज्ञापन के अंतर्गत एक जापानी प्रतिनिधिमंडल का भ्रमण चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के शाकभाजी अनुभाग, कल्याणपुर पर किया गया। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे टोमैटेक कंपनी के प्रतिनिधि अकिनोरी कोजाकी एवं शुसाकु नाकाजीमां द्वारा शाकभाजी अनुभाग पर फूलगोभी एवं मूली फसलों पर सूक्ष्म पोषक तत्वों के प्रभाव पर चल रहे शोध परीक्षणों का गहनता से अवलोकन किया गया। इस अवसर पर अकिनोरी कोजाकी द्वारा परीक्षणों का अवलोकन करते समय बताया गया कि सब्जी फसलों पर सूक्ष्म पोषक तत्वों का प्रभाव साफ दिखाई दे रहा है। जिससे फसल जल्दी पक कर तैयार होगी तथा उत्पादन में भी 30 से 40% तक वृद्धि होने का अनुमान है। उन्होंने यह भी कहा कि फसल जल्दी पक कर तैयार होने से उत्पादन का बाजार में अधिक मूल्य मिलेगा। इस अवसर पर पारस्परिक संवाद सत्र में शुसाकु नाकाजीमां द्वारा बताया गया कि टोमैटेक कंपनी द्वारा तैयार सूक्ष्म पोषक तत्व उर्वरक का फसल बुवाई के समय 6 किलोग्राम प्रति 1000 वर्ग मीटर की दर से प्रयोग किया जाता है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की ओर से निदेशक शोध डॉ आर के यादव, प्रोफेसर डॉ पी के सिंह, सब्जी विज्ञान विभाग के प्रभारी डॉ केशव आर्य, डॉ श्वेता आदि वैज्ञानिकों की टीम एवं अन्य संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
|