सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं जागरूकता के लिए आयोजित हुई गोष्ठी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस बिठूर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग (जच्चा-बच्चा अस्पताल) में सर्वाइकल कैंसर से बचाव एवं जागरूकता के उद्देश्य से एक गोष्ठी का आयोजन विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू गुप्ता की अध्यक्षता में किया गया।
गोष्ठी में सिस्टर्स एवं स्टाफ कर्मचारियों को सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम एवं समय पर जांच के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर अधिकांश सिस्टर्स ने अपनी सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग कराई तथा अपनी बेटियों के लिए एचपीवी वैक्सीन हेतु पंजीकरण भी कराया।
विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू गुप्ता ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन के महत्व पर विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि 9 से 14 वर्ष की लड़कियों को यह टीका 6 महीने के अंतराल पर दो डोज में लगाया जाता है, जबकि 15 से 26 वर्ष की अविवाहित युवतियों को तीन डोज दिए जाते हैं। यह टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव में लगभग 90 प्रतिशत तक प्रभावी है। इसी क्रम में प्रोफेसर डॉ. नीना गुप्ता ने बताया कि 25 वर्ष से अधिक आयु की प्रत्येक महिला को नियमित रूप से बच्चेदानी के मुहाने की जांच (पैप स्मीयर) करानी चाहिए। यह जांच प्रत्येक तीन वर्ष में कराई जाती है तथा जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में यह सुविधा अत्यंत कम शुल्क पर उपलब्ध है। विगत साढ़े तीन वर्षों में लगभग 10,000 मरीज इस जांच का लाभ उठा चुके हैं, जिनमें कई मरीजों में कैंसर की प्रारंभिक अवस्था में पहचान होने के कारण उनका सफल उपचार संभव हो सका है। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि तथा वाइस प्रिंसिपल डॉक्टर रिचा गिरी द्वारा सभी स्टाफ को सर्वाइकल स्क्रीनिंग और अपने बच्चों के लिए एचपीवी वैक्सीनेशन लगवाने हेतु प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नीना गुप्ता, डॉ. वंदना शर्मा, डॉ. उरूज जहां, डॉ. रश्मि यादव एवं डॉ. दिव्या गुप्ता द्वारा किया गया। गोष्ठी में विभागाध्यक्ष (पैथोलॉजी) डॉ. लुबना खान, डॉ. चयनिका काला, डॉ. अनीता गौतम एवं डॉ. सीमा द्विवेदी ने प्रतिभाग किया। साथ ही डॉ. दिव्या द्विवेदी, डॉ. प्रतिमा वर्मा, डॉ. गरिमा गुप्ता, डॉ. रश्मि गुप्ता, डॉ. करिश्मा, डॉ. प्रज्ञा, डॉ. फातिमा, डॉ. नूर, मैट्रन मीरा देवी, सिस्टर प्रीता रोस्टन एवं अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. नीना गुप्ता के नेतृत्व में संपन्न हुआ।