खादी वस्त्र नहीं विचार है:राकेश सचान
*मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का भव्य शुभारम्भ
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।उ०प्र० खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी का शुभारम्भ बृजेन्द्र स्वरूप पार्क, लॉन नं०–2, कानपुर नगर में किया गया। यह 10 दिवसीय प्रदर्शनी दिनांक 18 फरवरी, 2026 तक आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला उद्योग केन्द्र एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के विक्रय एवं प्रदर्शन हेतु खादी, ग्रामोद्योग एवं माटीकला से संबंधित कुल 105 स्टॉल लगाए गए हैं।
उ०प्र० सरकार की मंशा के अनुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मण्डल स्तर पर प्रतिवर्ष इस प्रकार की लघु प्रदर्शनियों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराया जा सके।
प्रदर्शनी का उद्घाटन केबिनेट मंत्री (सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम एवं निर्यात प्रोत्साहन/खादी एवं ग्रामोद्योग/हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग/रेशम विभाग), उ०प्र० सरकार, राकेश सचान के कर कमलों द्वारा किया गया। अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि “खादी केवल वस्त्र नहीं, बल्कि एक विचार है।” उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाएँ युवाओं, महिलाओं एवं बेरोजगारों को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना है कि प्रदेश में कोई भी व्यक्ति बेरोजगार न रहे तथा युवा एवं महिलाएँ उद्यम स्थापित कर रोजगार देने वाले बनें, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों से पलायन रुके और रोजगार सृजन को बढ़ावा मिले।
मंत्री द्वारा पॉपकॉर्न मशीन, दोना-पत्तल मशीन एवं विद्युत चलित चाक प्राप्त करने वाले लाभार्थियों से परिश्रमपूर्वक कार्य कर स्वावलम्बी बनने का आह्वान किया गया तथा बताया गया कि शीघ्र ही युवाओं के लिए नई योजनाएँ प्रारम्भ की जाएँगी, जिससे बेरोजगारी की समस्या का समाधान हो सके।
मंत्री ने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए नारे “खादी फॉर फैशन, खादी फॉर नेशन” का उल्लेख करते हुए कहा कि उ०प्र० सरकार द्वारा गठित उ०प्र० माटीकला बोर्ड के अंतर्गत पारम्परिक कारीगरों द्वारा निर्मित मिट्टी के उत्पाद पर्यावरण के अनुकूल हैं। उन्होंने नगर की जनता से अपील की कि खादी वस्त्रों के साथ-साथ ग्रामोद्योग एवं माटीकला के उत्पादों की अधिकाधिक खरीद करें, जिससे दूर-दराज से आए उद्यमियों की आजीविका में वृद्धि हो सके।
इस वर्ष आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी में उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त कश्मीर, उत्तराखण्ड, राजस्थान, मध्य प्रदेश एवं आंध्र प्रदेश सहित कई राज्यों के उद्यमियों ने अपने स्टॉल लगाकर सहभागिता की है। कार्यक्रम के दौरान गणेश वंदना एवं नृत्य की प्रस्तुति दी गई, जिसका निर्देशन प्रदीप श्रीवास्तव (ग़ज़ल गायक) के नेतृत्व में किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
अवसर पर अध्यक्ष, उ०प्र० खादी ग्रामोद्योग महासंघ सुरेश गुप्ता को परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी अशोक कुमार शर्मा द्वारा प्रतीक चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विधायक अरुण पाठक, अध्यक्ष जिला पंचायत कानपुर स्वप्निल वरुण, सतीश महाना के प्रतिनिधि सुरेन्द्र अवस्थी सहित अभय कुमार त्रिपाठी, अखिलेश कुमार अग्निहोत्री (जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, कानपुर देहात), अशोक मिश्रा, मो० नसीम अहमद, बालकृष्ण देवड़ा, संजय अग्रवाल, योगेन्द्र पाल, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेंद्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार, विवेक त्रिवेदी एवं आशीष सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।