नई नवेली दुल्हन ने दूल्हे को छूने से किया मना मचा हड़कंप |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस राठ,हमीरपुर l राठ कस्बे के बधौलियाना क्षेत्र में शादी के अगले ही दिन एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। सुहागरात के दौरान दुल्हन ने दूल्हे को छूने से इंकार कर दिया और खुद को किसी अन्य युवक की ‘अमानत’ बताते हुए साथ रहने से मना कर दिया। घटना के बाद दोनों परिवारों में हड़कंप मच गया और मामला राठ कोतवाली पहुंच गया। बाद में दोनों पक्षों की आपसी सहमति से संबंध विच्छेद कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, राठ निवासी धरम पुत्र लालदिवान का विवाह शनिवार को बिलरख गांव निवासी मिथलेश पुत्री बुद्ध सिंह के साथ संपन्न हुआ था। रविवार को विधिवत विदाई के बाद दुल्हन ससुराल पहुंची। रात में जब दूल्हा सुहागरात की रस्म के तहत कमरे में पहुंचा और घूंघट उठाने का प्रयास किया, तभी दुल्हन ने आपत्ति जताते हुए स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह किसी और से प्रेम करती है और उसी के साथ जीवन बिताना चाहती है। दुल्हन ने बताया कि वह बचपन से अपने मामा-मामी के यहां गोहांड में पली-बढ़ी है। उसके अनुसार, माता-पिता और परिजनों ने उसकी इच्छा के विरुद्ध यह विवाह कराया। उसने दूल्हे से कहा कि वह उसे न छुए, क्योंकि वह पहले से ही किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध में है।
यह सुनकर दूल्हा स्तब्ध रह गया। मामला तुरंत दोनों परिवारों तक पहुंचा और सोमवार को दोनों पक्ष राठ कोतवाली पहुंचे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि दूल्हा-दुल्हन दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का निर्णय लिया है। पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया गया। इस घटना की क्षेत्र में काफी चर्चा रही।