आगामी त्योहारों को लेकर जिला पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न |
सुनील कुमार धुरिया संवाददाता
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l आगामी पर्व होलिका दहन, होली, रमजान का अन्तिम शुक्रवार (अलविदा) की नमाज एवं ईद-उल-फितर के दृष्टिगत जनपद में शान्ति एवं कानून व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिला पीस कमेटी की बैठक जिलाधिकारी घनश्याम मीना की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ दीक्षा शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद के गणमान्य व्यक्तियों से सुझाव व समस्याओं का अनुश्रवण करते हुए कहा कि आगामी त्यौहार होली व रमजान से संबंधित जुलूस एवं अन्य कार्यक्रम परंपरागत ढंग तथा शांतिपूर्ण तरीके से प्रेम व भाईचारे के साथ आयोजित किए जाएं। होलिका दहन स्थलों के आसपास तथा अन्य संबंधित स्थलों पर जर्जर विद्युत तारों को दुरुस्त किया जाए ताकि शॉर्ट सर्किट से उत्पन्न होने वाली समस्याओं को रोका जा सके। उन्होने समस्त उपजिलाधिकारियों व क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी पर्वाे से संबंधित संवेदनशील स्थलों का स्थलीय निरीक्षण कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न होने पाए।
सभी स्थलों पर आवश्यकतानुसार पुलिस कर्मी तैनात कर दिए जाएं तथा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ रखी जाए। जुलूसों के दौरान डीजे पर किसी भी प्रकार के धार्मिक उन्माद फैलाने वाले अथवा अश्लील गाने न बजाए जाएं। होली व ईद-उल-फितर पर्व के दौरान किसी भी दशा में विद्युत कटौती न हो, यह सुनिश्चित कराया जाए। डीएम ने निर्देशित किया कि जनपद में कहीं भी नकली शराब बनने एवं अवैध शराब के परिवहन की शिकायत कदापि नही मिलनी चाहिए। खाद्य पदार्थाे में मिलावट की रोकथाम हेतु नियमित रूप से अभियान चलाकर कार्यवाही की जाए। जनपद में कहीं पर भी कालाबाजारी से संबंधित शिकायत नही मिले। गरीब आदमी पर अनावश्यक रूप से 107/116 की कार्यवाही कदापि न करें।
उन्होने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि हमीरपुर जनपद के लोगो ने अब तक एकता और भाई-चारे की मिसाल पेश की है, इसे बरकरार रखा जाए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व राकेश कुमार, एडीएम न्यायिक रिजवाना शाहिद, एडीएम नमामि गंगे सुरेश कुमार सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित जनपद स्तरीय अधिकारी तथा पीस कमेटी के सदस्य एवं विभिन्न धर्म एवं समुदायों के गणमान्य व्यक्ति आदि मौजूद रहे।