बर्तन दुकान मे त्रिशूल लहराते हुए घुसा चोर, पीतल की मूर्तियां और कैश लेकर फरार
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। नौबस्ता थाने की दीवार से सटी बर्तन दुकान में दिनदहाड़े घुस कर चोर ने 75 हजार का माल पार कर दिया। बेखौफ चोर त्रिशूल लहराते हुए दुकान में घुसा, पीतल की मूर्तियां बोरी में भरी और बाइक सवार साथी के साथ भाग निकला।
सोकर उठे बुजुर्ग दुकानदार ने सामान गायब देख पुलिस को जानकारी दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज लेकर आरोपी की तलाश में जुटी है। यशोदा नगर के रहने वाले सुजीत कुमार साहू ने बताया-उनकी नौबस्ता थाने से सटा हुआ घर है, घर के बाहरी हिस्से में उनकी साहू बर्तन भंडार के नाम से दुकान है। होली के मौके पर वह भीम नगर के अपने मकान में थे, जबकि पिता राजकुमार साहू दुकान पर ही थे। दोपहर करीब 12:50 बजे वह आराम करने के लिए घर के पीछे हिस्से में स्थित कमरे में चले गए थे। कुछ देर बाद एक युवक हाथ में त्रिशूल लेकर लहराते हुए आया और मेन गेट की कुंडी खोलकर दुकान में घुस गया। इसके बाद उसने दुकान में रखी करीब 50 हजार कीमत की 15 पीतल की मूर्तियां एक बोरे में भरी और गोलक में रखे 25 हजार कैश लेकर अपने बाइक सवार साथी के संग फरार हो गया। बेटे सुजीत ने दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक कैद हो गए। नौबस्ता इंस्पेक्टर बहादुर सिंह ने बताया कि जांच पड़ताल कर फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।