दहेज उन्मूलन और पौष्टिक आहार पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए में राष्ट्रीय सेवा योजना के विशेष शिविर के छठे दिन का आयोजन कृषि विश्वविद्यालय की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. रश्मि सिंह के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रातः योग सत्र के साथ हुआ, जिसमें स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और स्वस्थ जीवन शैली के महत्व को समझा। योग सत्र के उपरांत सहायक प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार सिंह द्वारा “भारतीय ग्रामीण अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भूमिका” विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। उन्होंने ग्रामीण विकास में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करते हुए उनके सशक्तिकरण की आवश्यकता पर बल दिया।तत्पश्चात स्वयंसेवकों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसने कार्यक्रम में उत्साह और ऊर्जा का संचार किया।अपराह्न सत्र में डीएवी कॉलेज, कानपुर के प्रोफेसर डॉ. निरंजन लाल ने “दहेज प्रथा उन्मूलन एवं महिला सशक्तिकरण” विषय पर महत्वपूर्ण विचार रखे। उन्होंने समाज में जागरूकता फैलाने और कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।इसके पश्चात शिक्षण सहयोगी (जैव रसायन) डॉ. सुनीता कुमारी ने “मानव स्वास्थ्य एवं पोषण” विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने संतुलित आहार और स्वस्थ जीवन के लिए आवश्यक पोषक तत्वों के महत्व को विस्तार से समझाया।कार्यक्रम का मंच संचालन कार्यक्रम अधिकारी (इकाई-1) डॉ. राजीव कुमार द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी (इकाई-7) डॉ. उमा नाथ शुक्ल ने प्रस्तुत किया।इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार, डॉ. संघमित्रा महापात्रा, डॉ. सोमेन्द्र वर्मा, डॉ. प्रेम कुमार, डॉ. रजत मिश्रा, डॉ. संजय त्रिपाठी एवं डॉ. विकास सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन उत्साह और सामाजिक जागरूकता के संदेश के साथ हुआ।
|