यूपीएमएस सैफई के कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने राज्य में बाल्यावस्था ट्रॉमा एवं आपातकालीन देखभाल पर साझा किए महत्वपूर्ण विचार
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सैफई ।उत्तर प्रदेश में ट्रॉमा, इमरजेंसी एवं बर्न केयर सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से “Strengthening Trauma, Emergency & Burn Care Systems in UP: Policy, Framework and Implementation Roadmap”विषय पर एक ब्रेनस्टॉर्मिंग सेशन एवं सीएमई का आयोजन एवीबी कन्वेंशन सेंटर, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU), लखनऊ में किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन *टेक्निकल टास्क फोर्स ऑन ट्रॉमा केयर, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (UPUMS), सैफई के *माननीय कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह* ने विशेषज्ञ के रूप में सहभागिता करते हुए “उत्तर प्रदेश में बाल्यावस्था ट्रॉमा एवं आपातकालीन देखभाल की वर्तमान स्थिति”* विषय पर अपने महत्वपूर्ण विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि बच्चों में होने वाली दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों के प्रभावी प्रबंधन के लिए *विशेषीकृत बाल ट्रॉमा केयर व्यवस्था*, प्रशिक्षित चिकित्सकीय मानव संसाधन तथा समयबद्ध रेफरल प्रणाली का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है।
प्रो. (डॉ.) अजय सिंह ने अपने वक्तव्य में इस बात पर विशेष जोर दिया कि राज्य में *बाल चिकित्सा ट्रॉमा केयर के लिए समर्पित सुविधाओं का विस्तार, प्रशिक्षण कार्यक्रमों की नियमितता तथा बहु-विषयक समन्वय के माध्यम से उपचार की गुणवत्ता और परिणामों में उल्लेखनीय सुधार किया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि मेडिकल संस्थानों को ट्रॉमा प्रबंधन में अनुसंधान, प्रशिक्षण और तकनीकी उन्नयन* पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
इस अवसर पर विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने भी ट्रॉमा केयर नेटवर्क, बर्न केयर के एकीकरण, प्रशासनिक चुनौतियों तथा प्रशिक्षण व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में राज्य के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं विशेषज्ञ बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से उत्तर प्रदेश में ट्रॉमा, इमरजेंसी एवं बर्न केयर सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ एवं समन्वित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव और रणनीतियां सामने आईं, जिनसे भविष्य में राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और सुदृढ़ बनाने में मदद मिलेगी।