सीएसए में आयोजित तीन दिवसीय उद्यमिता कॉनक्लेव में पहुंचे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर नगर।चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए), कानपुर में गोल्डन जुबली वर्ष के उपलक्ष्य में कृषि विश्वविद्यालय एवं एमएसएमई विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) कॉनक्लेव एवं क्षेत्रीय ट्रेड शो में भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पहुंचे।
पूर्व राष्ट्रपति के आगमन पर प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सचान ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति ने महान क्रांतिकारी एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
इसके उपरांत उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने ओडीओपी/ओडीओसी, टेक्सटाइल, मुख्यमंत्री युवा योजना, एग्रीटेक, मैन्युफैक्चरिंग एवं सर्विस सेक्टर से संबंधित विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रदर्शित नवाचारों एवं उत्पादों की जानकारी प्राप्त की तथा उद्यमियों का उत्साहवर्धन किया।
पूर्व राष्ट्रपति ने स्टार्टअप्स, स्थानीय उद्योगों एवं नवाचारों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन उद्यमिता को बढ़ावा देने और युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कुलपति के. विजयेंद्र पांडियन ने बताया कि इस क्षेत्रीय ट्रेड शो के माध्यम से युवाओं को उद्योगों के विकास की दिशा में नई प्रेरणा मिलेगी। कार्यक्रम में विधायक सुरेंद्र मैथानी, अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉ. कौशल कुमार, निदेशक प्रसार डॉ. वी. के. त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।