तीन दिवसीय उद्यमिता कॉनक्लैव का शुभारंभ आज
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | सीएसए के मुख्य प्रांगण में होने वाले तीन दिवसीय (27 से 29 मार्च ) उद्यमिता कांक्लेव हेतु विवि के कुलपति के.विजयेंद्र पांडियन ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के स्वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष में युवाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से जुड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सूक्ष्म,लघु एवं मध्यम उद्यमिता कॉन्क्लेव एवं क्षेत्रीय ट्रेड शो का आयोजन किया जा रहा है। कुलपति ने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान सूर्य प्रताप शाही रहेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के लघु, सूक्ष्म,खादी एवं मध्यम उद्यम ग्रामोद्योग, रेशम, हथकरघा एवं वस्त्र मंत्री राकेश सचान उपस्थित रहेंगे। साथ ही कानपुर के सांसद रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, अर्चना पांडे,सलिल बिश्नोई, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सीएसजेएमयू के कुलपति डॉ विनय कुमार पाठक, एसबीटीयू के कुलपति डॉक्टर शमशेर, तथा आयुक्त एवं निदेशक उत्तर प्रदेश उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह आयोजन उत्तर प्रदेश को उद्यम प्रदेश के रूप में स्थापित करने में एक प्रभावी कदम है। कार्यक्रम में स्टार्टअप आइडिया प्रतियोगिता में विभिन्न संस्थाओं से आए सर्वश्रेष्ठ स्टार्टअप आइडिया को 1 लाख, द्वितीय स्थान पर 50000 एवं तृतीय स्थान पर ₹30000 तथा समस्त चुने हुए प्रतिभागियों को ₹10000 प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 150 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। इस अवसर पर एफएफडीसी कन्नौज एवं आईआईटी कानपुर से विश्वविद्यालय का एक एमओयू साइन होगा।कार्यक्रम का उद्घाटन 27 मार्च 2026 को प्रातः 10:30 बजे अतिथियों द्वारा किया जाएगा। प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता कृषि संकाय डॉक्टर कौशल कुमार, निदेशक प्रसार डॉक्टर विवेक कुमार त्रिपाठी, निदेशक शोध डॉ महक सिंह, अर्थ नियंत्रक संजय कुमार राय, डॉक्टर नौशाद खान सहित सभी विवि एवं एमएसएमई के अधिकारी उपस्थित रहे।
|