कार्डियोलाजी हॉस्पिटल के बाहर मेडिकल स्टोर और दुकानों पर हुई बुलडोजर की कार्रवाई
- पुलिस और प्रशासन के अफसर रहे मौजूद
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। रविवार को जेसीबी के माध्यम से कार्डियोलाजी हॉस्पिटल के बाहर मेडिकल स्टोर और दुकानें गिरायी गयी। सुबह के समय कई थानों का फोर्स, जेसीबी, ट्रक के साथ प्रशासन व एनएच के अधिकारी पहुंचे। दुकानें गिरने की सुगबुगाहट होते ही मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया।सूचना मिलते ही फुटकर दवा व्यापार मंडल के पदाधिकारी मौके पर पहुंच गए। लेकिन कई दलीलों के बाद भी अफसरों के सामने इनकी एक न चली। जेसीबी के माध्यम से दुकानों को गिरा दिया गया। पीडब्ल्यूडी के एनएच डिवीजन की ओर से की गई कार्रवाई में मेडिकल स्टोर व होटल समेत 10 से ज्यादा दुकानों को गिराया गया। बताया जा रहा है कि जायसवाल मेडिकल स्टोर के पास कोर्ट का स्टे होने के चलते उसको गिराने से रोक दिया गया। इसके अलावा अन्य दुकानों पर जेसीबी के माध्यम से गिरा दिया गया। हालांकि दुकानदारों को दवाएं व अन्य सामान हटाने का समय दिया गया। दुकानें अतिक्रमण करके बनाई गई थी। जिनकी वजह से अक्सर कार्डियोलाजी में आने वाले मरीज व एंबुलेंस जाम में फंसते थे। जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। पीडब्ल्यूडी के एनएच डिवीजन की ओर से कार्रवाई किए जाने पर चर्चा यह भी रही की रोड का चौड़ीकरण भी दुकानें हटने का कारण हो सकता है।
- नकली दवाओं की शिकायत पर हुई कार्रवाई
हृदय रोग संस्थान के निर्देशक ने मेडिकल स्टोर से नकली दवाओ की बिक्री की की अधिकारियों से शिकायत की थी। जिसके परिणामस्वरूप शासन प्रशासन ने अवैध दुकानों पर अतिक्रमण अभियान चलाकर बुलडोजर की कार्रवाई की।