सीसामऊ बाजार में गारमेंट्स दुकान में लगी भीषण आग, धू-धू कर जला सामान
- दुकानदारों के बीच विवाद, पुलिस ने संभाला मोर्चा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। सीसामऊ स्थित दीप गारमेंट्स में रविवार को भीषण आग लग गई। आग इतनी भयावह थी कि देखते ही देखते बहुमंजिला दुकान की खिड़कियों से आग की लपटें और काले धुएं का गुबार निकलने लगा। इस बीच मौके पर दुकानदारों के बीच तीखी नोकझोंक और विवाद शुरू हो गया, जिसे शांत करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।जानकारी के अनुसार, दीप गारमेंट्स एक बड़ी और प्रतिष्ठित कपड़ों की दुकान है। दोपहर के समय अचानक दुकान की ऊपरी मंजिल से धुआं निकलता देख इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दुकान में भारी मात्रा में रेडीमेड कपड़े और ज्वलनशील सामग्री मौजूद थी। इसलिए आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
आग बुझाने की कोशिशों और भीड़भाड़ के बीच व्यापारियों और कुछ स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। सूचना मिलते ही सीसामऊ और आसपास के थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। संकरी गलियों और पी रोड की भारी भीड़ के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल दमकल की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं।