नगर निगम का 2026-27 का मूल बजट पेश, कुल बजट 3359.31 करोड़ का
- आय में 901.12 करोड़ का संभावित अवशेष संपत्ति कर व वित्त आयोग अनुदान में इजाफा
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए नगर निगम का मूल बजट तैयार कर कार्यकारिणी के समक्ष स्वीकृति हेतु प्रस्तुत कर दिया गया है। नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 146 के तहत तैयार इस बजट में दिसंबर 2025 तक के वास्तविक आय-व्यय आंकड़ों को आधार बनाया गया है। मेयर प्रमिला पांडे ने बताया कि नगर निगम द्वारा प्रस्तुत बजट के अनुसार कुल प्रस्तावित आय 2459.32 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। इसमें 899.99 करोड़ रुपये के प्रारंभिक अवशेष को जोड़कर कुल बजट आकार 3359.31 करोड़ रुपये पहुंचता है। इसके सापेक्ष कुल प्रस्तावित व्यय 2458.18 करोड़ रुपये रखा गया है, जिसके बाद 901.12 करोड़ रुपये का संभावित अवशेष रहने का अनुमान है।
शासन के निर्देशों के अनुसार नामांतरण शुल्क को एकमुश्त किए जाने से आय में गिरावट आई है। इसे 25.00 करोड़ से घटाकर मात्र 5.00 करोड़ रुपये किया गया है। निष्प्रयोज्य भंडार विक्री मद में आय न होने के चलते 3.00 करोड़ से घटाकर 1.00 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
- अनुदानों से मजबूत होगी आय
राज्य वित्त आयोग अनुदान का 750.00 करोड़ से बढ़ाकर 900.00 करोड़ रुपये प्रस्तावित। 15वें वित्त आयोग के स्थान पर 16वें वित्त आयोग के तहत 500.00 करोड़ रुपये का प्रावधान। अवस्थापना एवं आवास विकास मद लंबित अनुदान मिलने की संभावना के चलते 55.00 करोड़ से बढ़ाकर 130.00 करोड़ रुपये प्रस्तावित। सीएसआर फंड 50.00 लाख से बढ़कर 2.50 करोड़ रुपये किया गया। वर्षा जल निकासी में वित्तीय वर्ष 2026-27 में वर्षा जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए 31.00 करोड़ रुपये प्राप्त होने की संभावना जताई गई है, जो शहरी जलभराव की समस्या से निपटने में अहम भूमिका निभाएगा। नगर निगम प्रशासन का दावा है कि यह बजट आय और व्यय के बीच संतुलन बनाते हुए तैयार किया गया है। कर संग्रह बढ़ाने,अनुदानों पर फोकस और खचों के नियंत्रित प्रबंधन के जरिए नगर निगम की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने का प्रयास किया गया है। अब यह बजट कार्यकारिणी की स्वीकृति के बाद आगामी वित्तीय वर्ष में लागू किया जाएगा।