जच्चा बच्चा अस्पताल में दो दिवसीय फोर्स - 2026 कार्यशाला का हुआ आयोजन
- प्रदेश के लगभग 20 मेडिकल कॉलेजों के 150 पीजी छात्रों ने किया प्रतिभाग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के जच्चा बच्चा अस्पताल में दो दिवसीय फोर्स - 2026 कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्राचार्य प्रो. डॉ संजय काला व विशिष्ट अतिथि डॉ. मीरा अग्निहोत्री और डॉ. ऋचा गिरी (उप-प्रधानाचार्य) के द्वारा किया गया। कार्यशाला में फेडरेशन ऑफ ऑब्सटेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजिकल सोसाइटीज ऑफ इंडिया (फॉग्सी) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश भर के मेडिकल कॉलेजों से आए स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों को विशेषज्ञों द्वारा व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। दो दिवसीय कार्यशाला में नेशनल कन्वीनर डॉ. आशीष कुमार मुखोपाध्याय ने स्वागत भाषण दिया और फॉग्सी के अध्यक्ष डॉ. भास्कर पाल ने वीडियो संदेश के माध्यम से छात्रों का उत्साहवर्धन किया। डॉ किरण पाण्डेय ने फोर्स कार्यक्रम के उद्देश्य के विषय में उपस्थित लोगो को विस्तार से बताया । दो दिनों तक चले इस गहन सत्र में प्रसूति और स्त्री रोग से संबंधित विभिन्न जटिल विषयों पर चर्चा की गई। पहले दिन डॉ. आशीष , डॉ हफीज उर रहमान और डॉ. किरण पांडे जैसे विशेषज्ञों ने प्रसव के दौरान होने वाले रक्तस्राव (पीपीएच) के प्रबंधन और जटिल केस प्रेजेंटेशन पर मार्गदर्शन दिया। इसके साथ ही छात्रों को पेल्विस और स्कल के मॉडल पर प्रैक्टिकल डेमो भी दिया गया। स्त्री रोग से संबंधित कैंसर , एंडोमेट्रियल कैंसर, बांझपन और लैप्रोस्कोपी जैसी आधुनिक तकनीकों पर विशेष सत्र आयोजित किए गए। डॉ. आशीष मुखोपाध्याय ने छात्रों की थीसिस की जांच की और उन्हें मौखिक परीक्षा में सफल होने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया और सफल आयोजन के लिए आयोजन समिति को बधाई दी गई । इस अवसर पर प्रमुख रूप से स्त्री एवं प्रसूति रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रेनू गुप्ता ने सभी आगंतुकों का स्वागत किया और कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। आयोजन समिति ,की ओर से डॉ शैली अग्रवाल द्वारा राष्ट्रीय फॉग्सी टीम ने गेस्ट फैक्ल्टी का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के लगभग 20 मेडिकल कॉलेजों के 150 पोस्ट ग्रेजुएट छात्रों ने प्रतिभाग किया।