विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम - 2026 के तहत जनपद में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर lअंतिम प्रकाशन के अवसर पर शुक्रवार जिला स्तर पर बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची उपलब्ध कराई गई।विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के तहत शुक्रवार को जनपद में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर तैयार सूची के अनुसार अब जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 781981 हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार अंतिम प्रकाशन के समय जनपद में कुल 1015 मतदेय स्थल था 1015 बीएलओ हैं एवं आलेख्य प्रकाशित निर्वाचक नामावली में कुल मतदाता 749171 थे अन्तिम प्रकाशित निर्वाचक नामावली में कुल मतदाताओं की संख्या 781989 हैं।
अंतिम रूप से प्रकाशित मतदाता सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय तथा जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर एक सप्ताह तक निरीक्षण हेतु उपलब्ध रहेगी। मतदाता यहां जाकर अपना अथवा अपने परिजनों का नाम आसानी से सत्यापित कर सकते हैं। जनसामान्य अपनी सुविधा के अनुसार मतदाता सूची का अवलोकन जिला प्रशासन की वेबसाइट hamirpur.nic.in मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in
पर भी कर सकते हैं।
दिनांक 27 अक्टूबर, 2025 से दिनांक 10 अप्रैल, 2026 तक चला विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम निर्वाचक नामावली के अन्तिम प्रकाशन के साथ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। 166 दिनों तक चले इस वृहद अभियान को सफल बनाने में उप जिला निर्वाचन अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ), 1015 बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) द्वारा निष्ठा एवं लगन के साथ कार्य किया गया। साथ ही सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों एवं मतदाताओं द्वारा पूर्ण सहयोग प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता में प्रिंट, इलेक्ट्रानिक और डिजिटल मीडिया द्वारा भी अपना अमूल्य योगदान दिया गया। जिलाधिकारी घनश्याम मीना द्वारा समस्त को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।
बैठक में वीरेन्द्र कुमार वर्मा विधानसभा प्रभारी, बहुजन समाज पार्टी, विवेक यादव, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, गोविन्द अहिरवार जिलाध्यक्ष एवं सूर्यकिषोर तिवारी, जिला मंत्री, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, लक्ष्मीरतन साहू, जिला महामंत्री, भारतीय जनता पार्टी, जमाल आलम, जिला सचिव, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी, हमीरपुर उपस्थित रहे।