नौबस्ता तक यात्री सेवा आरंभ करने से पूर्व कानपुर मेट्रो का चलाया जागरूकता अभियान
-81 संस्थानों से संपर्क कर यात्रियों को मेट्रो की सुविधाओं और सुरक्षा उपायों की दी जानकारी
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन ने मेट्रो के सुरक्षित, पर्यावरण-अनुकूल और सुविधाजनक परिवहन साधन के रूप में अधिकतम उपयोग को बढ़ावा देने के लिए शहर के स्कूल, कॉलेज, कार्यालयों एवं अन्य संस्थानों में जागरूकता अभियान चलाया।
7 अप्रैल से आरंभ अभियान में कानपुर मेट्रो नेटवर्क शहर के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों, कार्यालयों और बाजारों को आपस में जोड़ता है, जिससे नागरिकों को ट्रैफिक जाम और प्रदूषण की समस्या से राहत मिलती है। मेट्रो में सफर को और अधिक किफायती बनाने के लिए नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड से यात्रा करने पर यात्रियों को प्रत्येक सफर पर 10 प्रतिशत की छूट दी जाती है।
इसके तहत कल्याणपुर ब्लॉक ऑफिस, चुन्नीगंज बस स्टैंड, रावतपुर रेलवे स्टेशन, बैंक ऑफ बड़ौदा (कल्याणपुर शाखा), जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, एलआईसी सोसाइटी (शारदा नगर) सहित कुल 81 संस्थानों से संपर्क कर मेट्रो के अधिकतम उपयोग के लिए जागरूकता प्रसारित की गई। जागरूकता अभियान के दौरान कानपुर मेट्रो स्टाफ लोगों को मेट्रो की प्रमुख विशेषताओं, तकनीकी उत्कृष्टता और यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दे रहा है। जीरो कार्बन उत्सर्जन वाली मेट्रो से पर्यावरण को होने वाले लाभ से अवगत कराया जा रहा है। मेट्रो के भीतर जन्मदिन, सालगिरह, किटी पार्टी जैसे आयोजनों के लिए कम शुल्क पर बुकिंग की सुविधा उपलब्ध है।स्टेशनों पर यात्रियों से संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का नियमित आयोजन किया जाता है।