हाईटेंशन लाइन टूट कर गिरने से गेहूं की पराली जलकर राख |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस सरीला,हमीरपुर l सरीला क्षेत्र के न्यूली बासा गांव में हाईटेंशन बिजली का तार टूटकर खेत में गिरने से अचानक आग लग गई, जिससे तीन किसानों के खेतों में भूसा बनाने के लिए खड़ी गेहूं की पराली जलकर नष्ट हो गई। गांव निवासी रामस्वरूप राजपूत के पोते अमित राजपूत ने बताया कि कतराई के बाद खेत में खड़ी गेहूं की पराली में अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। तार से निकली चिंगारियों ने पराली को अपनी चपेट में ले लिया और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
आग इतनी तेजी से फैली कि तीन किसानों के खेतों में खड़ी पूरी पराली जलकर राख हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के किसान मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत और मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड टीम के प्रयासों से किसी तरह आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना की सूचना किसानों द्वारा बिजली विभाग और प्रशासन को दे दी गई है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में जर्जर और ढीले बिजली तार हादसों को दावत दे रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से नुकसान का मुआवजा दिलाने और बिजली व्यवस्था को जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है।