पीएम आवास के लिए केडीए में उमड़ी भीड, बैंकों में नहीं मिल रहे फॉर्म
- भीड़ देख अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ाई गई
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत आशियाने का सपना देख रहे लोगों के लिए केडीए की लापरवाही आफत बन गई है। बुधवार को केडीए मुख्यालय पर फॉर्म खरीदने और जमा करने के लिए आवेदकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आलम यह था कि 40 डिग्री तापमान में लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, जिसके चलते कई बार कहासुनी और धक्का-मुक्की की नौबत आई।
इस भीड़ और अव्यवस्था की सबसे बड़ी वजह एचडीएफसी बैंक की शाखाओं में फॉर्म न मिलना है। केडीए सचिव अभय कुमार पांडेय ने 13 अप्रैल को जोर-शोर से दावा किया था कि 15 अप्रैल से शहर की सभी एचडीएफसी शाखाओं में फॉर्म मिलेंगे और जमा होंगे। बुधवार को जब आवेदक बैंक पहुंचे, तो वहां न फॉर्म थे और न ही जमा करने की कोई व्यवस्था। मजबूरन सभी को केडीए मुख्यालय की ओर दौड़ना पड़ा। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। बता दें कि आवेदन करने की अंतिम तिथि 17 अप्रैल थी। आवेदकों के पास अब केवल दो दिन का समय बचा था। केडीए परिसर में लंबी लाइनों में खड़े लोगों के बीच रोज विवाद हो रहा था। भारी रुझान को देखते हुए फॉर्म बिक्री की अंतिम तिथि 15 दिन बढ़ा दी गई है। केडीए के विशेष कार्याधिकारी रवि प्रताप सिंह ने सूचित किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अन्तर्गत विभिन्न योजनाओं में रिफण्ड से रिक्त 205 फ्लैटों के आवंटन हेतु जनता की मांग के दृष्टिगत उपरोक्त फ्लैटों के आवंटन हेतु आवेदन करने की तिथि पुनः, 2 मई, 2026 तक बढ़ायी गयी है, यानी 15 कार्य दिवस बढ़ाई गयी है।