तेज धूप ने झुलसाया खुद को कपड़े से ढककर निकले लोग, पारा जाएगा 43 डिग्री पार
-गर्म हवाओं ने कराया लू के थपेड़ों का एहसास
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। गर्मी ने अपना सख्त तेवर दिखाना शुरू किया। सुबह से ही सूरज की तपिश है मानो आसमान से आग बरस रही हो। दोपहर होते-होते हालात और बिगड़ गए। तेज धूप और गर्म हवाओं ने शहर को झुलसा दिया। बाहर निकलने वाले लोगों के चेहरे पर गर्मी की बेचैनी साफ नजर आई।
सीएसए की वेदर रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री ज्यादा है। तापमान में इस उछाल ने लोगों का दिनभर जीना मुहाल कर दिया। वहीं, न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस सप्ताह पारा 43 डिग्री तक जाने की संभावना है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लू का एहसास कराया, जिससे बुजुर्गों और बच्चों के लिए परेशानी और बढ़ गई। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 21 से 23 अप्रैल के बीच लू चलने की संभावना है, जिससे हालात और कठिन हो सकते हैं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से आने वाली गर्म पश्चिमी हवाएं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रही हैं, जिससे तापमान में तेजी से उछाल आ रहा है। आसमान पूरी तरह साफ रहने और बादलों की अनुपस्थिति के कारण सूरज की किरणें सीधे और तेज पड़ रही हैं। इसके अलावा हिमालयी क्षेत्रों से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं, जिससे गर्मी को नियंत्रित करने वाला प्राकृतिक प्रभाव खत्म हो गया है।
- लूं से बचाव के लिए करें यह उपाय
प्यास न लगने पर भी थोड़े-थोड़े अंतराल में पानी पीते रहें।
ओआरएस (ORS), लस्सी, नींबू-पानी, छाछ और सत्तू का सेवन करें। ज्यादा तेल-मसाले और बाहर के खाने से परहेज करें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें ताकि हवा लगती रहे। बाहर जाते समय टोपी, चश्मा, छतरी या तौलिए का इस्तेमाल करें। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बाहर निकलने से बचें। त्वचा को धूप से बचाने के लिए सनस्क्रीन या एलोवेरा जेल लगाएं। दिन के समय खिड़कियों पर पर्दे डालें ताकि सीधी धूप अंदर न आए।
अगर बहुत ज्यादा गर्मी हो, तो खिड़की पर गीली चादर टांग दें। सिरदर्द, चक्कर आना या तेज बुखार जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।