दो ट्रैकों की आमने सामने हुई भिड़ंत से एक ट्रक चालक की मौत खलासी गम्भीर रूप ज़ख़्मी |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l मौदहा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज रफ्तार दो ट्रकों की आमने-सामने भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे में एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राजमार्ग पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या यूपी 91 टी 4979 कबरई की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा ट्रक (UP 32 केएन 0887) कबरई से गिट्टी लादकर कानपुर की ओर जा रहा था। जैसे ही दोनों ट्रक नरायच गांव के पास पहुंचे, आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों ट्रकों के परखच्चे उड़ गए और चालक व खलासी केबिन में फंस गए। सूचना पर पहुंची मौदहा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। हादसे में कबरई की ओर जा रहे ट्रक के चालक ऋषि (24), निवासी अयोध्या, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे ट्रक का खलासी धर्मेंद्र, निवासी नरायच (मौदहा), गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया है। हादसे के चलते राजमार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रकों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।