घरों में लगायें गये स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं ने जबर्दस्त किया प्रदर्शन |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा,हमीरपुर l स्मार्ट मीटर लगने के बाद अधिक बिल आने व बिल जमा होने के बावजूद बिजली कट जाने से आहत उपभोक्ताओं का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को निजामीपुरा मोहल्ले की दर्जनों महिलाओं ने अपने घरों में लगे स्मार्ट मीटर उखाड़े और सड़क पर प्रदर्शन करते हुए विद्युत कार्यालय पहुंचकर जमकर हंगामा काटा। स्मार्ट मीटर को लेकर पूरे जिले में इस समय आक्रोश पनप रहा है। मौदहा कस्बे में कल से क्रमिक अनशन भी शुरू हो गया है। शुक्रवार को आक्रोशित भीड़ ने स्मार्ट मीटर उखाड़ कर प्रदर्शन किया। नारेबाजी करते हुए लोगों की भीड़ पावर हाउस पहुंच गई। बिजली संबंधित अन्य पीड़ित लोग भी अनशनकारियों के साथ बैठकर जमकर नारेबाजी की। हंगामा की खबर मिलते ही मौदहा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह भी दलबल सहित मौके पर पहुंच गए। महिलाओं व विद्युत उपभोक्ताओं का आक्रोश देख विद्युत विभाग के अधिकारी व कर्मचारी अपना काम बंद कर इधर-उधर हो गए। इधर मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम करणवीर सिंह व सीओ राजकुमार पांडे ने विद्युत विभाग में पहुंच नाराज महिलाओं व धरना प्रदर्शन कर रहे अनशनकारियों को समझाने बुझाने का प्रयास किया। स्मार्ट मीटर व विद्युत विभाग की समस्याओं को लेकर समाजवादी पार्टी व कांग्रेस समेत अन्य जनप्रतिनिधि भी लगातार इस समस्या के विरोध में प्रदर्शन करते आ रहे हैं। जबकि गुरुवार से भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विद्युत विभाग में अपना बैनर लगा इन समस्याओं के निस्तारण के लिए क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है।