बिजली कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कराए जाने हेतु प्रबंध निदेशक, केस्को को दिया ज्ञापन
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | उत्तर प्रदेश बिजली कर्मचारी संघ द्वारा बिजली कर्मचारियों की समस्याओं और उनके उत्पीड़न के विरोध में चल रहे आंदोलन के तीसरे चरण में आज यूनियन के प्रतिनिधि मंडल ने अध्यक्ष उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड को संबोधित ज्ञापन प्रबंध निदेशक, केस्को के प्रतिनिधि निदेशक वाणिज्य को सौंपा। संगठन के उप महामंत्री गौरव दीक्षित ने सब स्टेशनों पर एस. एस. ओ., लाइनमैन एवं हेल्पर कर्मचारियों की तैनाती कॉर्पोरेशन के यार्डस्टिक के अनुसार नहीं किए जाने तथा कर्मचारियों को साप्ताहिक रेस्ट भी नहीं दिए जाने के सम्बन्ध में अवगत कराते हुए कर्मचारियों की तैनाती और साप्ताहिक रेस्ट दिए जाने के सम्बन्ध में कहा। संगठन के पदाधिकारियों ने संविदा कर्मचारियों की संख्या में लगातार कमी किए जाने तथा कर्मचारियों को अवकाश के दिनों में भी कार्य के लिए बुलाया जा रहा है जिसके लिए उन्हें ना तो प्रतिकर अवकाश दिया जाता है और न ही अतिरिक्त वेतन ही दिया जाता है, इस पर कार्यवाही किए जाने की मांग की।संगठन के महामंत्री बी के अवस्थी ने केस्को में लिपिकीय संवर्ग के कर्मचारियों का प्रमोशन विगत काफी समय से ना किए जाने, मृतक आश्रित नियुक्ति में चतुर्थ श्रेणी की भर्ती ना किए जाने, कई वर्षों से बोनस का भुगतान ना किए जाने के सम्बन्ध में शिकायत की। संगठन पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान वार्ता के माध्यम से ना किए जाने पर केंद्रीय कमेटी द्वारा आंदोलन के आगे का कार्यक्रम तय किया जाएगा। ज्ञापन के दौरान संगठन के प्रतिनिधि मंडल में सर्व बी के अवस्थी, गौरव दीक्षित, संतोष श्रीवास्तव, आशीष, नरेश, विशाल सिंह, फूलचंद आदि उपस्थित रहे।
|