पद्म श्री पुरस्कारों हेतु आवेदन किए गए आमंत्रित |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर l क्रीड़ा अधिकारी बृजेश कुमार सोनी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आगामी गणतंत्र दिवस 26 जनवरी, 2027 के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले प्रतिष्ठित पद्म विभूषण, पद्म भूषण एवं पद्मश्री पुरस्कारों हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह सम्मान खेल एवं खेल-संबंधित क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे खिलाड़ी जिन्होंने ओलंपिक, अंतरराष्ट्रीय अथवा राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व किया हो तथा उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित की हों, वे आवेदन करने के पात्र होंगे। इसके अतिरिक्त खेल क्षेत्र में विशेष योगदान देने वाले अन्य पात्र व्यक्ति भी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक पुरुष एवं महिला खिलाड़ी निर्धारित प्रारूप पर आवेदन पत्र जिला खेल कार्यालय, हमीरपुर से किसी भी कार्यदिवस में प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र के साथ आवेदक को अपने व्यक्तित्व एवं खेल संबंधी उपलब्धियों का विस्तृत विवरण निर्धारित प्रारूप में संलग्न करना होगा।
क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र तीन प्रतियों में अंतिम तिथि 25 मई, 2026 तक जिला खेल कार्यालय, हमीरपुर में जमा करना अनिवार्य होगा। आवेदन पत्र में किसी प्रकार की कटिंग, ओवरराइटिंग अथवा इरेजर का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा।