सीडीओ एवं अपर जिलाधिकारी ने किया स्व - गणना अभियान का शुभारंभ |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनगणना 2027 के अंतर्गत कलेक्ट्रेट स्थित डॉ एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशन में स्व-गणना अभियान का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह एवं अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सुरेश कुमार द्वारा किया गया। इस अवसर पर जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, पदाधिकारियों, कॉलेज प्रबंधकों एवं शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को स्व-गणना के लिए प्रेरित करते हुए इसे जनभागीदारी आधारित अभियान बनाने का आह्वान किया गया।
जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि जनगणना 2027 पहली बार पूर्णतः डिजिटल माध्यम से आयोजित की जा रही है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, त्वरित एवं पारदर्शी बनेगी। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा प्रदान की गई है, जिसके अंतर्गत आमजन 07 मई से 21 मई तक स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in पर लॉग-इन कर घर बैठे अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि स्व-गणना पूर्ण होने पर प्रत्येक परिवार को एक स्व-गणना आईडी प्राप्त होगी, जिसे घर-घर आने वाले प्रगणक के साथ साझा करना होगा। इसके उपरांत 22 मई से 20 जून तक मकान सूचीकरण एवं जनगणना का कार्य घर-घर जाकर किया जाएगा l
मुख्य विकास अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे द्वारा मोबाइल के माध्यम से स्व-गणना पूर्ण करते हुए अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से सभी विभागीय अधिकारियों एवं कॉलेज प्रबंधकों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी एवं जिम्मेदार नागरिक स्वयं आगे बढ़कर इस प्रक्रिया में भागीदारी करेंगे, तभी आमजन में जागरूकता और विश्वास बढ़ेगा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं संस्थान प्रतिनिधियों को स्व-गणना प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया गया कि नागरिकों द्वारा उपलब्ध कराई गई समस्त सूचनाएं पूर्णतः सुरक्षित एवं गोपनीय रखी जाएंगी। सभी से सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया।
इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक महेश गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक सिंह, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित कलेक्ट्रेट के कई अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा स्व-गणना की गयी।