स्वः गणना प्रक्रिया पूर्ण कर जनभागीदारी का प्रेरणादायी दिया संदेश : एडीजी जोन आलोक सिंह
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर ।भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत उत्तर प्रदेश राज्य में 22 मई, 2026 से 20 जून, 2026 तक जनगणना कार्य संपादित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान को अधिक सुगम, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने हेतु भारत सरकार द्वारा नागरिकों को दिनांक 07 मई, 2026 से 21 मई, 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से “स्वः गणना”की सुविधा प्रदान की गई है। नागरिक अपने मोबाइल फोन, कम्प्यूटर अथवा लैपटॉप के माध्यम से सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर स्वयं एवं अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी सुरक्षित एवं सरल तरीके से भर सकते हैं। इसी क्रम में श्री आलोक सिंह, पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर द्वारा अपने परिवारजनों के साथ ऑनलाइन स्वः गणना प्रक्रिया पूर्ण कर जनभागीदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया गया तथा आमजन को भी इस डिजिटल पहल से जुड़कर राष्ट्रहित के इस महत्वपूर्ण सांख्यिकीय अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान करने हेतु जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या की गणना नहीं, बल्कि देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के समुचित वितरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार एवं आधारभूत संरचना से संबंधित नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। अतः प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह समयबद्ध रूप से सही एवं तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराकर जनगणना-2027 को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करे। साथ ही आमजन से अपील की गई कि वे डिजिटल भारत की अवधारणा को साकार करते हुए ऑनलाइन स्वः गणना सुविधा का अधिकतम उपयोग करें तथा अपने आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें, जिससे जनगणना का कार्य सरल, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।
|