जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव ने कारागार का किया निरीक्षण |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जनपद न्यायाधीश मनोज कुमार राय के निर्देशानुसार बीते दिवस जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की सचिव वंदना अग्रवाल द्वारा जिला कारागार हमीरपुर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सहायता, स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। विशेष रूप से जिला कारागार स्थित चिकित्सालय,अस्पताल का गहन निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय परामर्श, साफ-सफाई तथा भर्ती बंदियों की स्थिति का अवलोकन किया गया।
सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल ने चिकित्सालय की व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही जेल परिसर में स्थापित विधिक सहायता केंद्र (लीगल हेल्प डेस्क) के प्रभावी संचालन के निर्देश भी प्रदान किए गए, ताकि बंदियों को समयबद्ध एवं सुगम विधिक सहायता उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता, लोक अदालत एवं उनके विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी भी दी गई। सचिव द्वारा बंदियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। इस अवसर पर जेल अधीक्षक मंजीव विश्वकर्मा सहित जेल प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।