व्यापार मंडल ने विरोध किया; डिजाइन बदलने की मांग
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर।जरीब चौकी रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण पर हीरागंज व्यापार मंडल के व्यापारियों ने पुल की डिजाइन बदलने की मांग की है। उनका कहना है कि पुल निर्माण के दौरान हमारा कारोबार प्रभावित होगा। सेतु निगम के अनुसार, पुल में कुल 4 रैंप बनाए जाएंगे। इनमें दो रैंप जीटी रोड, एक कालपी रोड और एक घंटाघर रोड की ओर उतरेगा। वही जरीब चौकी उद्योग व्यापार मंडल ने पुल के शिलान्यास का विरोध किया है। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से पुल की डिजाइन बदलने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई। व्यापारियों का दावा है कि नई डिजाइन के कारण 250 से ज्यादा दुकानों के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। उनका कहना है कि पूर्व सांसद सत्यदेव पचौरी के कार्यकाल में जो डिजाइन स्वीकृत हुई थी, उसी के अनुसार पुल बनाया जाना चाहिए। व्यापार मंडल के मुताबिक, नई डिजाइन लागू होने से जरीब चौकी और हीरागंज की बाजार प्रभावित होगी और कारोबार खत्म होने का खतरा पैदा हो जाएगा। व्यापार मंडल के सदस्य अरुण पांडेय ने कहा- हम किसी तरह का विरोध करने नहीं जा रहे हैं। केवल दुकानों को बंद रख कर विरोध जताएंगे। तीन साल तक पुल बनेगा तो तब तक हमारा व्यापार चौपट हो जाएगा। हमारा किसी से कोई विरोध नहीं है, हम खुद चाहते हैं कि इस पुल का निर्माण हो, लेकिन जो पुरानी डिजाइन थी, उसके मुताबिक हो। बस हमारी मांग है कि पुल के डिजाइन को बदल दिया जाए।
|