आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में आज सुलझेंगे तमाम मामले |
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। नोडल अधिकारी लोक अदालत राजीव कुमार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की सचिव वंदना अग्रवाल द्वारा बताया गया कि 09 मई 2026, शनिवार को प्रातः 10:00 बजे से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत में शमनीय आपराधिक वाद, पुलिस चालानी वाद, लघु आपराधिक वाद, अंतिम रिपोर्ट, धारा 138 एन.आई. एक्ट, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, वैवाहिक वाद, भरण-पोषण वाद, श्रम वाद, विक्रय कर एवं आयकर संबंधी वाद, सिविल वाद, किरायेदारी संबंधी वाद, बैंक वसूली संबंधी वाद, उत्तराधिकार वाद, विद्युत अधिनियम वाद, आरटीओ चालानी वाद, नगर पालिका संबंधी वाद, बांटमाप संबंधी वाद, रेलवे, वन विभाग एवं नहर विभाग से संबंधित वाद, सेवा एवं पेंशन संबंधी मामले, प्राकृतिक आपदा एवं क्षतिपूर्ति संबंधी मामले, मनोरंजन विभाग संबंधी मामले तथा आर्बिट्रेशन के मामलों का निस्तारण सुलह-समझौते के आधार पर किया जा सकेगा।
सचिव वंदना अग्रवाल ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत एक सरल, सुलभ एवं त्वरित न्याय व्यवस्था का प्रभावी माध्यम है। अधिक से अधिक लोग इस अवसर का लाभ उठाकर अपने वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराएं तथा राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाएं।