आयुध निर्माणी कर्मी से मारपीट के बाद पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। अर्मापुर थाना स्थित आयुध निर्माणी में कैजुअल ऑपरेटर रजत कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में अब पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पीड़ित और उसके साथियों का आरोप है कि घटना की तहरीर देने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं कर रही है। पीड़ित रजत कुमार के अनुसार सोमवार रात करीब 7:45 बजे वह एसएमटी-3 विभाग में नाइट ड्यूटी के लिए साथियों संग फैक्ट्री पहुंचे थे। आरोप है कि गेट पर तैनात दरबान दीपक और अन्य गार्डों ने उन्हें रोककर अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिसमें उनके हाथ, सिर और कान में गंभीर चोटें आईं।पीड़ित का कहना है कि घटना फैक्ट्री गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई करने के बजाय मामले को टाल रही है। घटना के बाद बड़ी संख्या में कैजुअल ऑपरेटर अर्मापुर थाने पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कर्मचारियों का आरोप है कि पुलिस की ओर से उनकी शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा, जिससे फैक्ट्री कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
|