मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कानपुर आईटीआई पाण्डुनगर का किया निरीक्षण
*प्रशिक्षण गुणवत्ता सुधार और आधुनिक संसाधनों पर जोर, छात्रों से किया संवाद
*निर्माण कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
*कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भरता का संदेश, युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण पर बल दिया जाए - मंत्री कपिल देव अग्रवाल
कानपुर/ लखनऊ।प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने शुक्रवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, पाण्डुनगर, कानपुर नगर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान में संचालित विभिन्न व्यवसायों, प्रशिक्षण व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का गहन अवलोकन किया।
मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षार्थियों से संवाद कर उनके कौशल विकास, प्रशिक्षण अनुभव एवं भविष्य की रोजगार संभावनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री अग्रवाल ने संस्थान में प्राप्त समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका स्थलीय अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण वातावरण, आधुनिक संसाधन एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इसके साथ ही मंत्री अग्रवाल ने संस्थान परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों से संबंधित अभिलेखों एवं पत्रावलियों का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास संस्थानों का उद्देश्य केवल प्रशिक्षण देना नहीं, बल्कि युवाओं को रोजगारपरक एवं व्यवहारिक ज्ञान प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। इसी दिशा में सभी प्रशिक्षण संस्थानों को और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करने की आवश्यकता है।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक आर. के. मौर्य, प्रधानाचार्य हरीश मिश्रा, प्रधानाचार्य मयंक मिश्रा, मीडिया प्रभारी अजय कुमार द्विवेदी, संदीप कुमार, मोहित श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।