सड़क किनारे बैठे 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, कार मारी टक्कर
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस मौदहा ,हमीरपुर l मौदहा कस्बे में मंगलवार देर रात तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने सड़क किनारे बैठे 60 वर्षीय अरशद मोहम्मद को कुचल दिया। गंभीर हालत में उन्हें पहले सीएचसी मौदहा और बाद में जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसा रहमानिया इंटर कॉलेज के पास रात करीब 02:35 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार चालक शराब के नशे में था। तेज रफ्तार अर्टिगा पहले सड़क किनारे खड़ी कार से टकराई और फिर अनियंत्रित होकर घर के बाहर खड़ी ब्रेजा कार में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ब्रेजा के परखच्चे उड़ गए और पास में लगे हुआ बिजली पोल भी टूट गया। अर्टिगा कार के एयरबैग भी खुल गए। पुलिस जांच में चालक की पहचान मोहम्मद आबिर पुत्र मोहम्मद युसुफ निवासी हुसैनिया थाना मौदहा के रूप में हुई। आरोपी कांग्रेस सेवादल नेता का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी चालक और वाहन को हिरासत में ले लिया है। थाना मौदहा पुलिस के अनुसार हादसे में सड़क किनारे लेटे अरसद उर्फ बाबू पुत्र मुस्ताक मोहम्मद निवासी हुसैनगंज वाहन की चपेट में आ गए थे। मामले में पंचायतनामा, पोस्टमार्टम और अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।