कबाड़ गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर | किदवई नगर थाना क्षेत्र स्थित जूही गौशाला के पास बने एक कबाड़ गोदाम में मंगलवार सुबह करीब 5 बजे भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में प्लास्टिक का कबाड़ अधिक मात्रा में होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई।
स्थानीय लोगों ने बताया कि आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही थीं और आसपास के इलाके में भी खतरा बढ़ गया था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बताया जा रहा है कि यह प्लॉट जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह और बाबा ठाकुर का है, जिसे संजय और सोनू को किराए पर दिया गया था। दोनों कई वर्षों से यहां कबाड़ गोदाम संचालित कर रहे थे और मूल रूप से किदवई नगर के कजड़नपुरवा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
सुबह आग लगने की सूचना मिलने पर गोदाम संचालक संजय मौके पर पहुंचे और अपना गोदाम जलता देखकर भावुक हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक आग में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।