नगर निगम की वेबसाइट हैक,अस्थायी रूप से एक जून तक ब्लॉक
- ऑनलाइन सेवाओं के लिए वैकल्पिक व्यवस्था
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। कानपुर नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट को हैक होने के बाद उसे अस्थायी रूप से एक जून तक ब्लॉक कर दिया गया है। दिल्ली से आई नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) की टीम डेटा रिकवर करने और वेबसाइट को सुरक्षित रूप से दोबारा शुरू करने के प्रयास में जुटी है। हालांकि, ऑनलाइन सेवाओं के लिए नगर निगम वैकल्पिक व्यवस्थाएं देने की बात कह रहा है। मामले में दो दिन के बाद भी पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है।
एनआईसी की तकनीकी टीम सर्वर, बैकअप और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है। वेबसाइट पर उपलब्ध सूचनाओं और डेटा को सुरक्षित रखने के लिए रिकवरी प्रक्रिया चल रही है। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार वेबसाइट हैक होने की जानकारी मिलते ही उसे तत्काल बंद कर दिया गया था, ताकि किसी प्रकार की डेटा चोरी या साइबर हमले की आशंका को रोका जा सके। वेबसाइट को जल्द बहाल करने के लिए एनआईसी के अलावा साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों और तकनीकी संस्थाओं की भी मदद ली जा रही है। वेबसाइट की सुरक्षा मजबूत करने और हैकिंग की वजह का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है। वेबसाइट पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही उसे दोबारा शुरू किया जाएगा। फिलहाल ऑनलाइन सेवाएं प्रभावित हैं, जबकि आवश्यक कार्यों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।