जिलाधिकारी की अध्यक्षता में व्यापार बंधु की बैठक
- ग्रीन बेल्ट अतिक्रमण पर डीएम ने परियोजना निदेशक एनएचएआई को कार्रवाई के दिए निर्देश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में व्यापार बंधु की मासिक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में डीएम ने व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने का निर्देश दिया।उद्यमियों ने दादा नगर से विजयनगर तक जाने वाली मार्ग को दुरुस्त करने का प्रकरण उठाया, जिस पर डीएम ने 20 दिन के भीतर मार्ग को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एलएमएल तिराहा के पास बने अंडरपास के दोनों तरफ बने ग्रीन बेल्ट के अतिक्रमण का प्रकरण उठाया जिस पर डीएम ने निर्देशित किया कि परियोजना निदेशक एनएचएआई अतिक्रमण हटाने के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करें। बैठक में यूनिकेम इंडिया के ऊपर से गुजर रहे निष्प्रयोज्य विद्युत पारेषण लाइन, इंडस्ट्रियल एस्टेट, पनकी साइट वन में अतिक्रमण तथा सस्टाम्प ड्यूटी छूट विषयक प्रकरणों पर भी चर्चा हुई। व्यापारियों ने विकास नगर मार्केट में पब्लिक टॉयलेट न होने की समस्या उठाया जिस पर अपर नगर आयुक्त ने अवगत कराया की विकास नगर मार्केट में पिंक शौचालय के निर्माण का कार्य प्रगति पर है। स्लैब पड़ चुका है। अपर नगर आयुक्त ने बताया कि शास्त्री नगर के अंतर्गत गल्ला मंडी मार्केट में भी महिलाओं की सुविधा के दृष्टिगत पिक टॉयलेट का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसे भी शीघ्र पूर्ण कर लिया जाएगा। बीएम मार्केट गोविंद नगर में जूही नहरिया, हमीरपुर रोड तक 80 फीट चौड़ी सड़क पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग के संबंध में डीएम ने निर्देशित किया कि आगमित 4 जून को एडीएम सिटी, पुलिस एवं नगर निगम के अधिकारी मौका मुआयना करेंगे तथा वस्तुस्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे। बैठक में एडीएम सिटी आलोक कुमार गुप्ता, उपायुक्त उद्योग अंजनीश प्रताप सिंह, अपर नगर आयुक्त जगदीश यादव, उपायुक्त जीएसटी सुरेश वर्मा, शशिधर शाही, सहित विभिन्न अधिकारी एवं व्यापारी नेता मौजूद थे।
-अनुपस्थित अधिशासी अभियंता का वेतन रोका
बैठक में अधिशासी अभियंता जल निगम (शहरी) प्रवीण यादव बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहे, जिस पर डीएम ने उनके मई माह के वेतन आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिया।