चार जेसीबी से 1.246 अरब की जमीन कब्जा मुक्त
- सात घंटें अभियान चला अवैध प्लाटिंग गिराई
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। केडीए ने अवैध निर्माण और प्लाटिंग के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए करीब 24 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया। सात घंटे तक चली कार्रवाई में चार जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध प्लाटिंग, बाउंड्रीवाल, सड़क, नाला, बिजली के खंभे, एंट्री गेट, सीवर लाइन तथा कई निर्माणाधीन और निर्मित भवनों को ध्वस्त कर दिया गया। कब्जामुक्त कराई गई भूमि की अनुमानित कीमत एक अरब दो करोड़ 46 लाख है।अभियान के दौरान अहिरवां, सजारी, कुलगांव, बैरी अकबरपुर कछार, देहली सुजानपुर और किदवई नगर क्षेत्र में अवैध कब्जों और बिना स्वीकृति विकसित की जा रही प्लाटिंग को निशाना बनाया गया।
डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि कार्रवाई के दौरान कुल 49,630 वर्गमीटर भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इसमें अहिरवां की भूमि का मूल्य 51.63 करोड़ रुपये, सजारी की भूमि का मूल्य 47.33 करोड़ रुपये, देहली सुजानपुर की भूमि का मूल्य एक करोड़ रुपये, कुलगांव की भूमि का मूल्य 1.30 करोड़ रुपये और बैरी अकबरपुर कछार की भूमि का मूल्य 1.19 करोड़ रुपये आंका गया है। अवैध कब्जे के तहत कुलगांव में मनोज पंडित व अन्य द्वारा 650 वर्गमीटर व एक अन्य स्थान पर 650 वर्गमीटर अवैध कब्जे को गिराया गया। बैरी अकबरपुर कछार में उदयवीर व अन्य द्वारा 700 वर्गमीटर, गणेशपुर रोड में अजय व अन्य द्वारा 500 वर्गमीटर, किदवई नगर में आयुष व अन्य द्वारा 167 वर्गमीटर को मुक्त कराया गया।
इसके अलावा अहिरवां में अनूप तिवारी व अन्य द्वारा 12 बीघा व अज्ञात द्वारा सजारी अलकनन्दा योजना से पहले मन्दिर के सामने 05 बीघा जमीन में की जा रही अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त किया गया। अलकनन्दा योजना में जल निकास की एसटीपी के बगल में प्रीकास्ट बाउण्ड्रीवाल बनाकर गेटेड सोसाइटी बनाकर 06 बीघा क्षेत्रफल में की गयी अवैध प्लाटिंग के विरूद्ध ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की गयी। यह सभी प्लाटिंग बिना नक्शा पास कराए की जा रहीं थीं। केडीए ने दोबारा अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज के निर्देश दिए। आम लोगों से अपील की, कि प्राधिकरण, ग्राम समाज और सीलिंग की भूमि पर किसी प्रकार का कब्जा, खरीद-फरोख्त या अन्य अवैध गतिविधि न करें। ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई के साथ भूमाफिया के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।