जिला अस्पताल की लिफ्ट में बिजली गुल होते ही मासूम समेत फंसे दंपति
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हमीरपुर l जिला अस्पताल में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक दंपति अपनी बीमार बच्ची के साथ लिफ्ट में फंस गया। अचानक बिजली आपूर्ति बाधित होने से लिफ्ट बीच रास्ते में रुक गई और उसके भीतर अंधेरा छा गया। करीब 15 मिनट तक दंपति अपनी मासूम बच्ची के साथ लिफ्ट में फंसे रहे। जानकारी के अनुसार शहर के अमन शहीद निवासी अमर अपनी पत्नी के साथ बीमार बच्ची को दिखाने जिला अस्पताल पहुंचे थे। ओपीडी जाने के लिए उन्होंने लिफ्ट का उपयोग किया। लिफ्ट ऊपर जा रही थी तभी बिजली चली गई और लिफ्ट बीच में ही बंद हो गई। अंधेरे से घबराकर बच्ची रोने लगी। लिफ्ट में फंसे अमर ने मोबाइल फोन से अपने भाई समर को सूचना दी। समर अस्पताल पहुंचा और अधिकारियों को घटना की जानकारी देने का प्रयास किया। उसने महिला अस्पताल के सीएमएस को भी अवगत कराया, लेकिन लिफ्ट पुरुष अस्पताल के अधीन होने की बात कहकर उसे वहां भेज दिया गया। इस बीच संबंधित अधिकारियों की तलाश जारी रही। करीब 15 मिनट बाद जनरेटर चालू होने पर लिफ्ट फिर से चल पड़ी और दंपति बच्ची सहित सुरक्षित बाहर निकल आए। बाहर निकलते ही परिवार ने राहत की सांस ली। अमर ने बताया कि उनकी बच्ची की नाक से खून आने के कारण वह उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए थे।