कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित हुआ मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। कलेक्ट्रेट स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह-2026 का आयोजन राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद की गरिमामयी उपस्थिति एवं जिलाधिकारी अभिषेक गोयल की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा-2026 में जनपद स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र, स्वर्ण पदक एवं ₹21,000 की धनराशि के चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करता है तथा विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने कहा कि ज्ञान और योग्यता व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी उपलब्धियों को नई शुरुआत मानते हुए उच्च लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध संसाधनों और अवसरों का लाभ उठाकर विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर सकते हैं।
इस अवसर पर लखनऊ में आयोजित राज्य स्तरीय मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किया गया संबोधन एवं कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों द्वारा देखा एवं सुना गया। मुख्यमंत्री जी ने मेधावी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती शकुंतला निषाद, कोऑपरेटिव बैंक हमीरपुर-महोबा के उपाध्यक्ष संतोष गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक महेश कुमार गुप्ता, मोहम्मद जलीश खान सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक, प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।