विश्व साइकिल दिवस पर हमीरपुर में 'संडेज ऑन साइकिल' रैली का भव्य आयोजन
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
*92 युवा प्रतिभागियों ने दिया फिटनेस, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर जिला खेल कार्यालय, हमीरपुर द्वारा रविवार को "संडेज ऑन साइकिल" के विशेष संस्करण के अंतर्गत भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना रहा।
साइकिल रैली का शुभारंभ नगर पालिका परिषद हमीरपुर के माननीय अध्यक्ष कुलदीप निषाद द्वारा अटल पथ चौराहा (चौरा देवी) से हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि साइकिल न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभदायक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण का भी प्रभावी माध्यम है। युवाओं को दैनिक जीवन में साइकिल के उपयोग को बढ़ावा देना चाहिए, जिससे स्वस्थ समाज और स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में योगदान मिल सके।कार्यक्रम में जिला खेल कार्यालय के उप क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद सहित रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष मनीष शुक्ला, सचिव जय प्रकाश त्रिपाठी, उपाध्यक्ष अवधेश गुप्ता, हमीरपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष पी.डी. दीक्षित, बुंदेलखंड रक्तदान समिति के अध्यक्ष अशोक निषाद, कनिष्ठ सहायक शुभम वर्मा तथा खेलो इंडिया सेंटर के एथलेटिक्स कोच दुर्गा प्रसाद विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त प्रिंस, शैलेन्द्र कुमार वर्मा, जीतेन्द्र सिंह यादव एवं अभिषेक धुरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
रैली में युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कुल 92 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया, जिनमें 54 बालक एवं 38 बालिकाएं शामिल रहीं। प्रतिभागियों ने पूरे जोश और अनुशासन के साथ रैली में भाग लेते हुए स्वास्थ्य, फिटनेस एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
रैली का समापन राजकीय स्पोर्ट्स स्टेडियम, हमीरपुर में किया गया, जहां जिला खेल कार्यालय की ओर से सभी प्रतिभागियों को जलपान वितरित किया गया। समापन अवसर पर उप क्रीड़ाधिकारी शमीम अहमद ने कार्यक्रम की सफलता में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, सामाजिक संगठनों, अधिकारियों एवं प्रतिभागी बच्चों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि खेल एवं फिटनेस को जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए जिला खेल कार्यालय द्वारा भविष्य में भी ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल सके और स्वस्थ समाज के निर्माण का लक्ष्य साकार हो सके।