निर्माणाधीन परियोजनाओं में श्रमिकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं से कोई समझौता नहीं - जिलाधिकारी
जिला संवाददाता सुनील कुमार धुरिया
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस हमीरपुर। जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देशों के क्रम में जनपद की समस्त निर्माणाधीन परियोजनाओं एवं सड़क निर्माण कार्यों में कार्यरत श्रमिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देते हुए व्यापक स्तर पर सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी निर्माण स्थल पर श्रमिकों की सुरक्षा एवं मूलभूत सुविधाओं की उपेक्षा स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने समस्त कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया है कि भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (नियोजन तथा सेवा शर्त विनियमन) अधिनियम, 1996 तथा श्रम विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रत्येक निर्माण स्थल पर श्रमिकों हेतु आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके अंतर्गत स्वच्छ पेयजल, शौचालय, आवास सुविधा, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड), शिशु देखभाल एवं शिशुपान कक्ष, कैंटीन सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
इसके अतिरिक्त निर्माण स्थलों पर कार्यरत श्रमिकों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए हैं। सभी कार्यदायी संस्थाओं द्वारा श्रमिकों को सेफ्टी हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, रिफ्लेक्टिव जैकेट, सुरक्षा दस्ताने, सुरक्षा जूते तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे कार्य के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न्यूनतम रहे।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से सड़क निर्माण एवं पुल निर्माण परियोजनाओं में सुरक्षा मानकों के कड़ाई से पालन के निर्देश दिए हैं। निर्माण स्थलों पर चेतावनी संकेतक, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था एवं श्रमिक सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा केवल कानूनी दायित्व ही नहीं बल्कि मानवीय उत्तरदायित्व भी है।
जनपद में विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित निर्माण परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि श्रमिकों के लिए पेयजल, शौचालय, आवास एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों तथा कार्यस्थलों पर सभी सुरक्षा उपकरणों का उपयोग किया जा रहा हो। जहां कहीं भी कमियां पाई जाती हैं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ, उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम, यूपीपीसीएल, जल निगम, आवास एवं विकास परिषद, सिंचाई विभाग तथा अन्य कार्यदायी संस्थाओं द्वारा संचालित निर्माण परियोजनाओं में श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है। अधिकांश निर्माण स्थलों पर श्रमिकों के लिए स्वच्छ पेयजल, शौचालय एवं आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं तथा सुरक्षा उपकरणों के उपयोग पर विशेष बल दिया जा रहा है।
जिलाधिकारी गोयल ने कहा कि जनपद में विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता के साथ-साथ श्रमिकों की सुरक्षा एवं सम्मान भी प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्यों के दौरान श्रमिकों के हितों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए निर्धारित सुरक्षा एवं कल्याणकारी मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराया जाए। जनपद प्रशासन द्वारा निर्माण स्थलों पर सुरक्षा एवं श्रमिक कल्याण संबंधी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, जिससे विकास परियोजनाएं सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं मानक अनुरूप तरीके से पूर्ण की जा सकें।