ट्रक की टक्कर से प्रेसकर्मी की मौत, चालक फरार
हिंदुस्तान न्यूज़ एक्सप्रेस कानपुर। गुजैनी थाना क्षेत्र में एलीवेटेड हाईवे पर शनिवार रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ड्यूटी से घर लौट रहे एक प्रिंटिंग प्रेसकर्मी की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दबौली-दो निवासी गौरव त्रिवेदी (42) दादा नगर स्थित एक प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत थे।परिवार में पत्नी शिखा, दो बेटे प्रिंस, शिवाय और मां गुड्डी हैं। छोटे भाई सौरभ ने बताया कि गौरव शनिवार रात फैक्टरी से बाइक से घर लौट रहे थे। गुजैनी एलीवेटेड हाईवे पर पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल हैलट अस्पताल पहुंचाया। यहां उपचार शुरू होने से पहले ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को उनकी जेब से मिले मोबाइल फोन के जरिए परिजनों को हादसे की सूचना दी गई। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। मामले की जांच की जा रही है।
|